
जिला मंडी के बल्ह उपमंडल के लोहारा गांव में रविवार को एक सेवानिवृत्त फौजी ने शराब के नशे में आपा खोते हुए अपने ही पोते पर लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी।गोली लगने से पोता लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा,जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।इस खूनी खेल से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी दादा की भी जमकर धुनाई कर डाली,जिससे वह भी घायल हो गया है।फिलहाल दादा और पोता दोनों अस्पताल में उपचाराधीन हैं।जानकारी के अनुसार आरोपी बहादुर सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त है,वह लंबे समय से शराब के नशे का आदी बताया जा रहा है।स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि बहादुर सिंह अकसर शराब पीकर घर में लड़ाई करता था और छोटी-छोटी बातों पर झगड़े पर उतारू हो जाता था।रविवार को भी नशे में उसकी अपने पोते उमेश कुमार के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर पूर्व फौजी बहादुर सिंह अपनी लाइसेंसी बंदूक उठा लाया और करीब से पोते पर फायर झोंक दिया।गोली सीधे उमेश को लगी,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।वारदात के बाद चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।मौके पर मौजूद लोगों ने घायल उमेश को तुरंत नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हडक़ंप मच गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी)मंडी विनोद कुमार ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया और साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने मौके से बंदूक को कब्जे में ले लिया है और फोरेंसिक टीम भी साक्ष्य एकत्रित कर रही है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
