राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने धर्मशाला में तिब्बती आध्यात्मिक गुरु परमपावन दलाई लामा से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।इस अवसर पर,राज्यपाल ने परमपावन दलाई लामा के आध्यात्मिक नेतृत्व तथा विश्वभर में शांति और करुणा के संदेश के प्रसार के लिए उनके योगदान के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि दलाई लामा जी की शिक्षाएं,जो सदभाव,करुणा और अहिंसा पर आधारित हैं,आज के समय में समूची मानवता के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।

राज्यपाल ने अपनी पूर्व भेंट को याद करते हुए कहा कि लद्दाख के लेफ्टिनेंट गवर्नर के रूप में कार्यभार संभालने से पूर्व भी उन्होंने दलाई लामा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया था।उन्होंने कहा कि धर्मशाला में पुनः उनसे मिलना उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध अनुभव रहा।श्री कविंद्र गुप्ता ने कहा कि दलाई लामा जी द्वारा दिया गया शांति,सहिष्णुता और करुणा का संदेश विश्वभर के लोगों को प्रेरित करता है और एक अधिक मानवीय तथा सामंजस्यपूर्ण समाज के निर्माण के लिए मार्गदर्शन प्रदान करता है।उन्होंने धर्मशाला के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण की भी सराहना करते हुए कहा कि परमपावन दलाई लामा के मार्गदर्शन में यह स्थान बौद्ध दर्शन और अध्ययन का एक वैश्विक केंद्र बन गया है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि शांति,करुणा और पारस्परिक सम्मान की शिक्षाएं समाज में सद्भाव और समझ को और अधिक सुदृढ़ करेंगी।इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी तथा तिब्बती समुदाय के सदस्य भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *