
रोहडू के चिडग़ांव से पकड़े गए यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मामले में दिल्ली पुलिस के खिलाफ हिमाचल पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने के लिए भाजपा नेता राजभवन पहुंचे।जयराम ठाकुर की अगवाई में एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से मिला और एक ज्ञापन दिया। इसमें मांग की गई कि इस पूरे प्रकरण की केंद्रीय एजेंसी से जांच करवाई जाए।राज्यपाल से भेंट के बाद मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि दिल्ली में देश की बदनामी कर भागने वाले यूथ कांग्रेस के लोग अपने राज्यों में भी जा सकते थे,लेकिन ये हिमाचल क्यों आए?इसकी जांच होनी चाहिए।इस राष्ट्रविरोधी कृत्य के संबंध में दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज हुई और दिल्ली पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ की।दो राज्यों की पुलिस को आमने-सामने खड़ा करना संघीय ढांचे पर सीधा आघात है।जयराम ठाकुर ने राज्यपाल से मांग की कि इस पूरे घटनाक्रम की केंद्र सरकार के माध्यम से उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।प्रतिनिधिमंडल में विधायक विनोद कुमार,बलबीर वर्मा,जीत राम कटवाल,पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज,प्रदेश पदाधिकारी कुसुम सदरेट,कर्ण नंदा,रमा ठाकुर,सुदीप महाजन,जिला अध्यक्ष केशव चौहान,प्रत्याशी संजय सूद,मंडल अध्यक्ष राजीव पंडित,संजीव चौहान,नगर निगम पार्षद एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
