बता दें कि सुबह छह बजे दिल्ली पुलिस आरोपियों को लेकर रवाना हुई है।दिल्ली पुलिस ने शिमला पुलिस को सीजर मेमो,डीवीआर सौंपा और आरोपियों की थार को लेकर भी गई।

हिमाचल प्रदेश में बुधवार को दिल्ली पुलिस और प्रदेश पुलिस के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला है।दिल्ली पुलिस की टीम ने शिमला के रोहड़ू में दबिश देकर युवा कांग्रेस के तीन पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया,लेकिन हिमाचल पुलिस ने इसे अवैध करार देते हुए शोघी और धर्मपुर में नाकेबंदी कर न केवल कांग्रेसी नेताओं को छुड़ाया,बल्कि दिल्ली पुलिस के जवानों को भी हिरासत में ले लिया।बताया जा रहा है कि दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया था।

इसी मामले में कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस के जवान 4 गाड़ियों में सवार होकर रोहड़ू पहुंचे और युवा कांग्रेस के 3 पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया।जैसे ही हिमाचल पुलिस के उच्चाधिकारियों को भनक लगी कि दिल्ली पुलिस ने बिना स्थानीय पुलिस को सूचित किए यह कार्रवाई की है,तुरंत नाकाबंदी के आदेश जारी किए गए।पुलिस ने दिल्ली पुलिस की 2 गाड़ियों को शिमला के शोघी और 2 गाड़ियों को सोलन के धर्मपुर में धर दबोच लिया।

हिमाचल पुलिस का तर्क है कि दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस को इस गिरफ्तारी की कोई पूर्व सूचना नहीं दी,जो नियमों का उल्लंघन है।हिमाचल पुलिस ने युवा कांग्रेस के तीनों नेताओं को छुड़ाया और दिल्ली पुलिस के 20 जवानों को हिरासत में ले लिया।फिर इन्हें चक्कर कोर्ट में पेश किया गया,हालांकि पुलिस अधिकारी इसे रूटीन प्रोसैस बताकर ज्यादा बोलने से बच रहे हैं,लेकिन दो राज्यों की पुलिस के बीच इस तरह की भिड़ंत ने सियासी और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है।पूरी रात चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आज सुबह छह बजे दिल्ली पुलिस आरोपियों को लेकर रवाना हुई है।दिल्ली पुलिस ने शिमला पुलिस को सीजर मेमो,डीवीआर सौंपा और आरोपियों की थार को लेकर भी गई।
