बनीखेत से जिला के कई इलाकों के लिए भेजी गाडिय़ों को दिखाई हरी झंडी।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने बनीखेत नगर पंचायत के सभागार में आपदा प्रभावित लोगों को खाद्य एवं राहत सामग्री वितरित की।इस मौके पर राज्यपाल ने प्रदेश को खाद्य एवं राहत सामग्री भेजने के लिए केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।उन्होंने क्षेत्र में परिस्थितियों के लिहाज से अतिरिक्त खाद्य एवं राहत सामग्री की मांग के दृष्टिगत जनप्रतिनिधियों को सचिव राज्यपाल एवं राज्य रेडक्रॉस और उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस के कार्यालय में सूची प्रेषित करने को कहा।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिला में आगामी दो-तीन माह की समयावधि में सभी व्यवस्थाएं सामान्य होंगी।इस दौरान राज्यपाल ने जिला के विभिन्न क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।राज्यपाल ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154-ए के विभिन्न आपदाग्रस्त स्थलों का निरीक्षण भी किया।उन्होंने ककियाणा गांव और चौहड़ा के समीप आपदा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।

नदी-नालों के किनारे निर्माण पर लगे रोक:राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि हमें गंभीरता से विचार करना होगा कि लोगों ने घरों का निर्माण नदी तटों के समीप कर लिया है। इसके चलते जब पानी ने अपना रास्ता बनाया तो कई घर बह गए।उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी त्रासदियों से बचाव के लिए नदी और नालों के किनारे निर्माण कार्यों पर रोक लगाने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि आपदा से हुए नुकसान को लेकर प्रदेश सरकार भी गंभीर है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी प्रधानमंत्री के समक्ष अपना पक्ष रखा है।

