
विधानसभा के मानसून सत्र के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए।उनका वीरवार को आज दिल्ली से मोतीहारी पहुंचने के बाद राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने का कार्यक्रम है।मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम बिहार की राजधानी पटना में करेंगे।इस बीच मुख्यमंत्री की गैर-मौजूदगी में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सरकार की तरफ से विधानसभा सत्र की कमान संभाली।दिल्ली रवाना होने के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में केंद्र सरकार से आपदा को लेकर फिर विशेष पैकेज देने की मांग की।उन्होंने कहा कि पिछले दो दिन से मनाली,कांगड़ा और चम्बा में भारी वर्षा से तबाही मची है। उन्होंने कहा कि कई जगह नैशनल हाईवे 50 मीटर,300 मीटर और 400 मीटर तक बह गया है।उन्होंने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्र में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालेगी और इसके लिए प्रशासन की तरफ से सभी एहतियाती पग उठाए गए हैं।उन्हाेंने कहा कि केंद्र सरकार टीम भेजने के बाद ही राहत राशि जारी करती है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्षा से भारी तबाही हुई है।ऐसे में केंद्रीय टीम जितना नुक्सान आंकती है,उतना ही पैकेज प्रदेश को मिलना चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों को भारी नुक्सान पहुंचा है।ऐसे में सड़कों के निर्माण पर आने वाला खर्च मैदानी इलाकों की तर्ज पर नहीं आंका जाना चाहिए,बल्कि इससे दस गुणा अधिक राशि जारी की जानी चाहिए।
