
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद रजनी पाटिल तीन दिवसीय दौरे पर शिमला पहुंच चुकी हैं।हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शिमला में गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।इस दौरान कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।रजनी पाटिल का यह दौरा मुख्य रूप से संगठन के पुनर्गठन और मजबूती को लेकर है।वह लगातार बैठकों और संवाद के जरिए पार्टी नेताओं,पदाधिकारियों और अग्रणी संगठनों से फीडबैक लेंगी,ताकि आने वाले दिनों में कांग्रेस की रणनीति को और प्रभावी बनाया जा सके।

रजनी पाटिल आज कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगी।इसके बाद दोपहर 12 बजे वह “वोट चोर, कुर्सी छोड़” रैली में शामिल होंगी,जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के बड़ी संख्या में जुटने की संभावना है।शनिवार को सुबह 10 बजे फिर से राजीव भवन में बैठक होगी।इस दौरान रजनी पाटिल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू,उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग मुलाकात कर विचार-विमर्श करेंगी।पार्टी सूत्रों के अनुसार इस पूरे दौरे को कांग्रेस संगठन के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।इन बैठकों से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा और पार्टी की आगामी रणनीति का रोडमैप तैयार होगा।

