
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा.राजीव बिंदल ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं की चुनाव आयोग पर टिप्पणी का जवाब दिया है।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक फेक नैरेटिव खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता चुनाव आयोग द्वारा करवाए जा रहे चुनावों के बारे में एक ही राय रखते हैं कि यदि कांग्रेस पार्टी चुनाव जीतती है,तो चुनाव सही तरीके से करवाया गया और यदि चुनाव हारती है,तो चुनाव आयोग को और भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराना व झूठा बताना,कांग्रेस नेताओं का धर्म बन जाता है।राहुल गांधी की देखा-देखी में प्रतिभा सिंह ने कह डाला कि हिमाचल प्रदेश का 2024 में हुआ लोकसभा चुनाव गलत तरीके से हुआ है और इसलिए कांग्रेस पार्टी चुनाव हारी है।डा.बिंदल ने कहा कि हम प्रतिभा सिंह को याद दिलाना चाहते हैं कि 2022 में वही चुनाव आयोग था,केंद्र में वही मोदी सरकार थी और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई।उस समय के चुनाव को कांग्रेस के नेता सही मानते हैं और लोकसभा चुनाव को गलत मानते हैं अर्थात ‘मीठा-मीठा घप्प,कड़वा-कड़वा थू’ वाला फॉर्मूला देशभर के सभी कांग्रेसियों को समझ आता है।बिहार में होने वाले चुनावों में कांग्रेस पार्टी की हार होना निश्चित है इसलिए हारने के बहाने पहले से ही बनाने में जुट गए हैं।
