
मंडी में आई प्राकृतिक आपदा के विषय को लेकर हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल केंद्र सरकार के मंत्रीगणों से मिला।प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर,प्रदेश अध्यक्ष भाजपा डॉ.राजीव बिंदल,पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर,सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप,डॉ.राजीव भारद्वाज,सुश्री कंगना रणौत,राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी,डॉ.सिकंदर कुमार,हर्ष महाजन,विधायक विनोद कुमार,हंसराज और दीपराज शामिल थे।

डॉ.राजीव बिंदल ने बताया कि सर्वप्रथम केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण,उर्वरक एवं रसायन मंत्री जगत प्रकाश नड्डा,जो कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं को मिलकर आपदा की स्थिति के बारे में अवगत करवाया गया,9 जुलाई को जगत प्रकाश नड्डा स्वयं मंडी जिला आए थे और सारी त्रासदी को अपनी आंखो से देखा।उसके बाद जेपी नड्डा के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल केन्द्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मिला और विस्तार से प्रदेश में आई आपदा के संबंध में वार्ता की।

नितिन गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव व पुनर्निर्माण हेतु हर प्रकार की सहायता करने का वचन दिया।फिर जेपी नड्डा के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिला और विस्तृत वार्ता हिमाचल की त्रासदी के संबंध में की।गृह मंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने पूर्व में भी हिमाचल प्रदेश को भरपूर आर्थिक मदद की है और भविष्य में भी राहत कार्यों में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी और आशवस्त किया कि वह स्वयं हिमाचल आकर त्रासदी का जायजा भी लेंगे।

