
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और बादल फटने व भारी वर्षा से उत्पन्न स्थिति का निरीक्षण किया।नड्डा ने मंडी जिले के नाचन विधानसभा क्षेत्र स्थित सैंज पंगलियूर बागा गांव का दौरा किया।इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से बात की।उन्होंने थुनाग में भी आपदा से हुए नुक्सान का जायजा लिया और लोगों से बात की साथ ही उन्होंने करसोग और धर्मपुर में हुए नुक्सान पर भी चिंता व्यक्त की।

इस दौरान जेपी नड्डा के साथ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल मौजूद रहे।नड्डा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में कोई ढिलाई न बरती जाए और हर प्रभावित व्यक्ति तक सरकार की सहायता शीघ्र पहुंचे।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ पूर्ण समन्वय में कार्य कर रही है और आवश्यक संसाधन समय पर मुहैया कराए जा रहे हैं।उन्होंने आपदा से प्रभावित परिवारों से भेंट की।इस दौरान वह पुष्प राज और तिलक राज से भी मिले जिन्होंने इस त्रासदी में अपने माता-पिता को खो दिया।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना देते हुए कहा कि केंद्र सरकार उनके पुनर्वास में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।इसके बाद नड्डा ने थुनाग में समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री वितरण की और स्थिति का जायजा लिया।उन्होंने बताया कि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने,अस्थाई आश्रय देने और भोजन व दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है।उन्होंने राहत शिविरों में स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जायजा लिया और इस बाबत अधिकारियों को निर्देश दिए।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राहत कार्यों के बाद जिन क्षेत्रों में संपर्क मार्ग टूट गए हैं,उनकी शीघ्र मुरम्मत कर पुनः यातायात सुचारू किया जाएगा।हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील है और ऐसे समय में सरकार और समाज को मिलकर एकजुटता दिखानी चाहिए।नड्डा ने कहा कि हिमाचल की जनता आश्वस्त रहे कि भारत सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को कभी छोड़ेगी नहीं हमेशा साथ खड़ी रहेगी और मैं केंद्र सरकार का प्रतिनिधि होने के नाते यह जिम्मेदारी से कह रहा हूं कि भारत सरकार हिमाचल के साथ खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी।

हिमाचल के लिए 5152 करोड़ जारी।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अभी भी पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2006 करोड़ एन.डी.आर.एफ. के तहत हिमाचल प्रदेश के लिए जारी किया है,अगर इसका जोड़ करें तो कुल 5152 करोड़ बनता है।आर्थिक दृष्टि से बात करें तो मदद के रूप में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 1 लाख से अधिक घर,प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 3000 करोड़ से अधिक सड़के केंद्र सरकार ने हिमाचल को दी है।

नड्डा ने कहा कि आपदा में सबसे पहले अगर किसी राजनीतिक दल ने जनता को राहत पहुंचाने का काम किया तो वह भाजपा है।सारे प्रदेश ने मिलकर इस राहत कार्य में अपना अंशदान दिया है।जनता के सहयोग से विभिन्न सेवा केंद्र चल रहे हैं और भाजपा ने अग्रिम भूमिका में रहते हुए अन्न,ठहराव,रोजमर्रा की वस्तुओं का तीव्र गति से एकत्रीकरण कर प्रभावितों को पहुंचाने का कार्य किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि जब भी हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा आई है,राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने वहां का दौरा किया है,लोगों से बात की है तथा केंद्र से इस आपदा से उबरने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है।
