
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा.राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार भाजपा और विपक्ष पर आरोप लगा रहे हैं कि इस त्रासदी के समय हम राजनीति कर रहे हैं,यह आरोप गलत है।अगर इस मुृश्किल समय में लोगों की सेवा करना राजनीति है,तो ऐसी राजनीति हम लगातार करते रहेंगे।मंडी से लौटकर शिमला में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डा.बिंदल ने कहा कि असल बात यह है कि त्रासदीग्रस्त क्षेत्रों में कांग्रेस सरकार सडक़,पानी और पुनर्वास नहीं दे पाई है। मंडी जिला के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश के कारण बड़ा नुकसान हुआ और लगभग 1000 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं।इसमें से 300 से 500 मकान ऐसे हैं,जो पूरी तरह और 500 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।200 से अधिक ऐसी जमीन हैं,जहां सेब के बगीचे एवं कृषि भूमि पूरी तरह नष्ट हो गई और वहां पर बड़ी-बड़ी चट्टानें गिर गई।समस्या तो यह है कि जलशक्ति विभाग की परियोजनाएं ठप हो गई हैं और पीने का पानी तक नहीं है और इसके लिए प्रदेश सरकार ने अभी किसी भी प्रकार की व्यवस्था नहीं की है,पानी की पूर्ति हेतु कोई भी वैकल्पिक व्यवस्था अभी तक खड़ी नहीं की गई है यह दुर्भाग्यपूर्ण है। पंडोह और मंडी के अधिकतम रास्ते बंद पड़े हैं।उनको भी सरकार ने अभी तक खोलने का कोई प्रयास नहीं किया है। यह सरकार की गंभीरता पर सवाल उठाता है।राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा के सभी नेताओं ने प्रथम दिन से इस त्रासदी को लेकर गंभीरता से काम किया गया है।नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर,विधायक विनोद कुमार दीपराज कपूर और भाजपा द्वारा तीन गठित टीमें लगातार धरातल पर काम कर रही है।
