रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने शुक्रवार को किन्नौर जिला की सीमावर्ती पंचायत छितकुल के दुर्गम स्थान नित्थल थाच का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय सेना व छितकुल के ग्रामवासियों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और उनके समाधान बारे विचार-विमर्श किया गया। 

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि स्थानीय पंचायत वासियों की मांग है कि भेड़ पालक व चरवाहों को सीमावर्ती स्थान नित्थल थाच तक भेड़-बकरियों को ले जाने की अनुमति प्रदान की जाए, जिस पर राजस्व मंत्री ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू व भारतीय सेना के अधिकारियों से इस विषय पर चर्चा कर शीघ्र ही समाधान निकाला जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्थानीय पंचायत के भेड़ पालक व चरवाहे निर्धारित सीमा तक अपनी भेड़-बकरियों को ले जा सकते हैं। 

राजस्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा निर्धन एवं उपेक्षति वर्गों के उत्थान एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा लोगों की मूलभूत समस्याओं का निपटान चरणबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला किन्नौर के दुर्गम स्थानों को संपर्क सड़कों से जोड़ने का कार्य हो या जिला के विद्यालयों में गुणात्मक शिक्षा व नवीन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करवाना हो हर क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर छितकुल ग्राम पंचायत के प्रधान सुभाष चंद्र नेगी ने राजस्व मंत्री का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया और उनके समक्ष पंचायत वासियों की विभिन्न मांगों को रखा। 

छितकुल पंचायत का नगरीकरण व मास्टर प्लान तैयार करने पर किया विचार-विमर्श 

इसके उपरांत, राजस्व मंत्री ने लोक निर्माण विश्राम गृह छितकुल में टाऊन प्लानिंग के अधिकारियों व ग्राम पंचायत छितकुल के पदाधिकारियों के साथ छितकुल पंचायत का नगरीकरण व मास्टर प्लान तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान छितकुल का समग्र विकास सुनिश्चित करने व इसे पर्यटन की दृष्टि से हर प्रकार की मूलभूत और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के प्लान पर चर्चा की गई ताकि छितकुल एक विकसित व आधुनिक पर्यटन स्थल बन सके। 

सहायक नगर योजना अधिकारी प्रियंका नेगी ने उपस्थित पंचायत वासियों को नगर योजना से संबंधित बारीकियों से अवगत करवाया तथा इसका लाभ प्राप्त करने के लिए लोगों को जागरूक किया।

इसके अलावा राजस्व मंत्री ने स्थानीय पंचायत की समस्याओं को भी सुना जिसमें लो-वोल्टेज की समस्या व महिला मंडल भवन छितकुल में अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सहित अन्य मांगे रखी गई तथा कैबिनेट मंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सभी मांगों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एपीएमसी के निदेशक उमेश नेगी, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक पीताम्बर नेगी, भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल कुमार संजीत, वन मंडलाधिकारी अरविंद कुमार, जिला परिषद सदस्य हितेष नेगी, उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक, तहसीलदार सांगला हरदयाल सिंह, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी छोडुप नेगी व कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगण सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *