रिकांगपिओ। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बुधवार को यहां अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग कल्पा व निचार मंडल के साथ कल्पा तथा निचार में चलाए जा रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों, नीतियों व योजनाओं पर आयोजित समीक्षा बैठक को अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जनजातीय विकास मंत्री ने इस अवसर पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में सड़क दुर्घटना के ब्लैक स्पॉट्स में क्रैश बैरियर लगाने व निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने मॉनसून व सेब सीजन के दृष्टिगत संपर्क सड़क मार्गों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए ताकि जिला के किसानों व बागवानों को उनकी नकदी फसलों को मंडी तक पहुंचाने में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
कैबिनेट मंत्री ने कल्पा मंडल के तहत कानम, रारंग व पूह क्लस्टर विद्यालयों के निर्माण कार्यों पर विस्तृत चर्चा की तथा लंबित पड़े निर्माण कार्यों को समयबद्ध सीमा में शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व कोताही बरतने वाले ठेकेदारों पर कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिए ताकि प्रदेश सरकार द्वारा आरम्भ किए गए विभिन्न विकासात्मक कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने जिला के सीमावर्ती पंचायत शलखर, हांगो, सुमरा व कुन्नू-चारंग में संपर्क सड़कों के निर्माण कार्यों पर विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता कल्पा दिनेश सेन, अधिशाषी अभियंता निचार आनंद शर्मा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
