भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष ने इंटक के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ की बैठक

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने सोमवार को यहां बोर्ड के मुख्यालय में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश पदाधिकारियों और इसी संगठन से संबद्ध हिमाचल भवन निर्माण एवं मनरेगा मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके बोर्ड की 14 कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में व्यापक विचार-विमर्श किया।

 इस दौरान अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों से विभिन्न योजनाओं के बारे में फीडबैक लिया और कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्राप्त किए। नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बोर्ड की सभी 14 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं और बोर्ड इस दिशा में तत्परता के साथ कार्य कर रहा है।

 उन्होंने कहा कि बोर्ड की योजनाओं को आम श्रमिकों तक पहंुचाने में इंटक के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बहुत ही सराहनीय योगदान दे रहे हैं। नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि ये पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आम श्रमिकों की समस्याओं से परिचित होते हैं और इनसे प्राप्त फीडबैक और सुझावों के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत करवाया जाएगा तथा इन्हें लागू करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

 इस अवसर पर प्रदेश इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष जगतार सिंह बैंस, उपाध्यक्ष संजय सैणी और डीएस सहगल, महासचिव रूप सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पदाधिकारी प्रेम लाल भाटिया, रमेश कुमार, कर्म चंद जस्सल, शिखा कुमारी और अन्य पदाधिकारियों ने भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष को एक मांगपत्र भी सौंपा।

 इस मांगपत्र में हिमाचल भवन निर्माण एवं मनरेगा मजदूर यूनियन को कामगारों के सेवा प्रमाण पत्र को सत्यापित करने की शक्तियां प्रदान करने, बोर्ड में इंटक के प्रतिनिधि को सदस्य मनोनीत करने, यूनियन और श्रम कल्याण बोर्ड के अधिकारियों की नियमित रूप से बैठक आयोजित करने, श्रमिकों के क्लेम के मामलों के निपटारे के लिए समय सीमा निर्धारित करने और श्रमिकों से संबंधित कई अन्य महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं।

 नरदेव सिंह कंवर ने इंटक के सभी पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि उनकी ओर से उठाई गई सभी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और इनके संबंध में त्वरित कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *