भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने वार्ड नंबर एक बाड़ी के सिहारल में किया पौधारोपण 

सुंदरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वीरवार को भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक सुंदरनगर राकेश जम्वाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर एक बाड़ी के सिहारल में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर परिषद सुंदरनगर के सभी पार्षद, भाजपा मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। 

राकेश जम्वाल ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण वैश्विक चिंता का विषय बन चुका है और इसके समाधान में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जनआंदोलन बनाकर निरंतरता के साथ आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अनुकरणीय कार्य किए हैं।

जम्वाल ने कहा कि “एक वृक्ष-माँ के नाम” का संदेश केवल पर्यावरणीय चेतना को ही नहीं, अपितु भावनात्मक जुड़ाव को भी दर्शाता है। हर व्यक्ति यदि हर साल एक पौधा भी लगाकर उसका पालन करे तो न केवल हरियाली बढ़ेगी बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित जीवन और स्वच्छ वातावरण भी मिल सकेगा।

इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों और युवाओं को प्रेरित करते हुए राकेश जम्वाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, यह हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले, खेत और सार्वजनिक स्थलों पर वृक्षारोपण करें और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *