विधानसभा अध्यक्ष ने सेंट थॉमस स्कूल के शताब्दी समारोह में की शिरकत

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सेंट थॉमस स्कूल शिमला के शताब्दी समारोह के समापन अवसर पर आयोजित नव नभ निर्माण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने स्कूल के 100 वर्ष पूरे होने पर सभी छात्रों एवं अध्यापकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। 

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि वह आज सेंट थॉमस स्कूल, शिमला की स्थापना के 100 वर्षों के गौरवशाली अवसर पर उपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि यह शिक्षा, चरित्र निर्माण और सेवा के एक सदी लंबे उत्कृष्ट सफर का उत्सव है। यह संस्थान समय की कसौटी पर खरा उतरा है और इसने ज्ञान, अनुशासन तथा मूल्यों के माध्यम से न जाने कितनी पीढ़ियों को समाज में सार्थक योगदान देने योग्य बनाया है। संस्थापकगणों की दूरदर्शिता, शिक्षकों की निष्ठा और छात्रों व पूर्व छात्रों की उपलब्धियों ने मिलकर इस अद्वितीय विरासत को आकार दिया है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा, “सेंट थॉमस स्कूल शिमला एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है तथा इसका इतिहास गौरवमयी रहा है। आज के कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘नव नभ निर्माण’ अर्थात एक नए आकाश का निर्माण है जो बच्चों को भविष्य की कल्पनाओं, योजनाओं का निराकरण तथा लक्ष्य प्राप्ति की ओर प्रेरित करता रहेगा तथा आप सभी एकजुटता से उसे हासिल करने में सफल होंगे।” 

 प्रधानाचार्य सेंट थॉमस स्कूल शिमला विद्युप्रिया चक्रवर्ती ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की विभिन्न गतिविधियों एवं स्कूल के इतिहास से उन्हें अवगत करवाया। 

कार्यक्रम में लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से स्कूल का इतिहास, उपलब्धियों एवं गतिविधियों को दर्शाया गया।

इस अवसर पर बिशप मनोज चरण, एसडीएम शिमला (शहरी) ओशिन शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *