मुख्यमंत्री बोले – पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है सरकार
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर पर पलटवार किया है। उन्होंने जयराम ठाकुर द्वारा उठाए गए मुद्दों का भी जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने विमल नेगी प्रकरण को लेकर जयराम ठाकुर के आरोपों को तथ्यहीन करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस प्रकरण में राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि इस दुखद मामले में भी जयराम ठाकुर राजनीति चमकाने की कोशिश में हैं।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में स्पष्ट किया कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवार की मांग पर न केवल एफआईआर दर्ज की गई, बल्कि निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी भी गठित की गई, जिसकी रिपोर्ट हाईकोर्ट के समक्ष प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं से आग्रह किया कि वे तथ्यहीन बयानबाजी छोड़ें और यदि उनके पास कोई भी साक्ष्य हैं तो उन्हें सीबीआई को सौंपें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी की मौत पर राजनीति करना निंदनीय है। हमें मिलकर न्याय की लड़ाई को मजबूती देनी चाहिए, न कि उसे राजनीतिक मंच बनाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार सीबीआई को हरसंभव सहयोग देगी ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की पीड़ित परिवार के प्रति पूरी सहानुभूति है और हम न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
