जिला स्तरीय क्यालू बाबा महा दंगल के अंतिम दिन मुख्यातिथि के रुप में पहुंचे कृषि मंत्री प्रो.चंद्र कुमार,सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा।

इंदौरा उपमंडल के अंतर्गत गंगथ में सिद्ध पीठ बाबा क्यालू जी महाराज के पावन स्थल पर आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय महादंगल का भव्य समापन हुआ।अंतिम दिन इस आयोजन में कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो.चंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे,जबकि कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र के सांसद राजीव भारद्वाज,स्थानीय विधायक मलेंद्र राजन तथा नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणवीर सिंह निक्का विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।दंगल के अंतिम दिन देशभर से आमंत्रित नामी पहलवानों के बीच एक से बढ़ कर एक महामुकाबले हुए।इस ऐतिहासिक महादंगल में हजारों की संख्या में लोगों की भागीदारी रही।

कृषि मंत्री प्रो.चंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा क्यालू महाराज का यह ऐतिहासिक महा दंगल हमारी लोक संस्कृति,परंपराओं और खेल भावना को संजोने का अनुपम माध्यम है।इस तरह के आयोजन युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करते हैं और समाज में भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।सरकार इन पारंपरिक आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना आज की आवश्यकता है और इस महादंगल ने यह कार्य बखूबी निभाया है।उन्होंने ऐतिहासिक महादंगल के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बाबा क्यालू महाराज स्थल की सुविधाओं के विकास के लिए गत वर्ष 40 लाख रुपये की घोषणा की थी,जो अब राशि के रूप में रिलीज़ कर दी गई है।इस राशि से इस पवित्र स्थल पर बुनियादी ढांचे व सुविधाओं का विकास किया जाएगा,ताकि भविष्य में यह आयोजन और अधिक सुव्यवस्थित और आकर्षक बन सके।उन्होंने कहा कि आगे भी राज्य सरकार इस आयोजन के भव्यता को बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग देगी।सांसद राजीव भारद्वाज ने कहा दंगल हमारी सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है।उन्होंने आयोजन समिति को इसके सफल आयोजन के लिए बधाई दी।उन्होंने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र के लोगों की श्रद्धा और परंपरा का प्रतीक है,जो सामाजिक एकता और युवाओं के उत्साह को बढ़ाता है।

विधायक मलेंद्र राजेंद्र ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के मेलों से न केवल खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है,बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर भी सशक्त होती है।बाबा क्यालू महाराज के आशीर्वाद से यह आयोजन वर्ष दर वर्ष भव्य होता जा रहा है और हम इसे और अधिक सशक्त करने के लिए प्रयासरत रहेंगे।

विधायक रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि क्यालू बाबा महा दंगल केवल एक स्थानीय आयोजन नहीं,बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका है।इसमें देश के कोने-कोने से नामी पहलवान भाग लेते हैं,जो इसकी प्रतिष्ठा और लोकप्रियता को दर्शाता है।यह आयोजन खेल भावना,एकता और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत उदाहरण है,और हम सभी को इसे और सशक्त बनाने में सहयोग करना चाहिए।मेले के अंतिम दिन देशभर से आए नामी पहलवानों के बीच रोमांचक कुश्ती मुकाबले आयोजित किए गए।दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट और जयघोषों के बीच मुकाबलों का आनंद लिया।

मुख्य अतिथि कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो.चंद्र कुमार ने जिला स्तरीय क्यालू बाबा महाराज जी दंगल के समापन समारोह में तीन प्रमुख झंडी मुकाबलों के विजेताओं को सम्मानित किया और उन्हें आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए।पहली झंडी के मुकाबले में सिकंदर शेख ने शानदार कुश्ती का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और उन्हें पुरस्कार स्वरूप एक ट्रैक्टर प्रदान किया गया।इस मुकाबले में उमेश मथुरा उपविजेता रहे।दूसरी झंडी में प्रीतपाल विजेता बने,जिन्हें ऑल्टो कार इनाम स्वरूप भेंट की गई,जबकि परवीन कोहली उपविजेता रहे।तीसरी झंडी के मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान होदी (ईरान) ने विजेता का खिताब अपने नाम किया और उन्हें बुलेट मोटरसाइकिल प्रदान की गई।

इस मुकाबले में भूपिंदर उपविजेता रहे।तीनों झंडियों के इन महामुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।उपस्थित जनता ने तालियों की गूंज के साथ पहलवानों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।इस अवसर पर एसडीएम डॉ सुरिंदर ठाकुर,डीएसपी विशाल वर्मा,जिला परिषद सदस्य राहुल पठानिया,कांग्रेस पूर्व जिला अध्यक्ष करण सिंह पठानिया,कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
