
नगर निगम शिमला के अंतर्गत आने वाले मज्याठ वार्ड में जनता के समक्ष पेश आ रही समस्याओं का कोई समाधान न निकलने से लोगों में भारी रोष है,स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम महापौर और उप महापौर के मज्याठ वार्ड के दौरे के दौरान जो समस्याएं लोगों ने उनके समक्ष रखी थीं वो आज भी ज्यों की त्यों बनी है,रविवार को मज्याठ वार्ड की मासिक बैठक के दौरान लोगों ने स्थानीय पार्षद के समक्ष इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया,पार्षद अनीता शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में वार्ड में विकास कार्यों में लगी ब्रेक और वार्ड के न्यू टुटू स्थित नगर निगम भवन में खोले जा रहे शराब के ठेके को लेकर भी लोगों ने खुलकर विरोध किया।शराब के ठेके के विरोध में स्थानीय लोगों ने ठेके में ताला भी जड़ दिया है।स्थानीय लोगों के मुताबिक वह ठेके खुलने के विरोध में नहीं है,लेकिन जिस जगह में यह खोला जा रहा है वह स्थान उचित नहीं है,इस स्थान पर ठेका खोलना नियमों के विरूध है।नगर निगम ठेका खोलने के लिए अन्य जगह की तलाश करें नगर निगम भवन के परिसर में ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा।ठेके खुलने को लेकर पार्षद अनीता शर्मा ने बताया कि समस्या को लेकर नगर निगम आयुक्त और मेयर सहित अन्य से चर्चा की गई है जल्द ही इसका समाधान निकाला जाएगा।

बैठक में वार्ड में बनाए जाने वाले एंबुलैंस मार्ग,सामुदायिक भवन,पार्किंग निमार्ण और सीवरेज लाईनों व कनैक्टीविटी को लेकर भी चर्चा की है।लोगों ने कहा कि बीते वर्ष 3 अगस्त को महापौर का मज्याठ वार्ड दौरा हुआ था।वहीं बीते 6 मार्च को शिकायत निवारण शिविर में भी यही मांगे निगम के अधिकारियों के समक्ष रखी थी।मेयर दौरे के दौरान लोगों ने ये सब मांगे उनके समक्ष रखी थी लेकिन विंडबना यह है कि इतने समय बाद भी किसी भी कार्य को लेकर कदम आगे नहीं बढ़े हैं।लोगों ने वार्ड में पार्षद के समक्ष नालों की समस्या को भी रखा,जोकि 2023 में आई आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हो गए थे।जिनमें अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है।बैठक में पार्षद ने लोगों की समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वाशन दिया,उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्याएं नगर निगम हाउस में जोर दार तरीके से उठाई जा रही है।वहीं उन्होंने सीवरेज कनैक्टीविटी को लेकर लोगों को आश्वस्त किया और बताया कि सीवरेज लाइन को लेकर अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त हो चुका है।वहीं लाइनें बिछाई जा रही है।लाईनें बिछाने को लेकर उन्होंने स्थानीय जनता से भी सहयोेग मांगा।बैठक में लोगों ने नए रास्ते,न्यू टुटू ,दिव्यनगर,मज्याठ में पार्किंग,पार्क और मज्याठ वार्ड बस स्टाॅप में वर्षा शालिका,सुरक्षा की दृष्टि से वार्ड में सीसीटीवी कैमरे,वार्ड में बढते लंगूरों के आंतक के बारे में भी पार्षद को अवगत करवाया।इसके अतिरिक्त एक बार फिर दिव्यनगर से वांया टुटू आईजीएमसी के लिए बस सेवा शुरू करने की भी मांग की।जिससे स्थानीय पंचायतो सहित अन्य वार्ड के तीमारदार व मरीज भी लाभांवित होंगे।इसके अतिक्ति अभी हाल ही में में टुटू पाॅवर हाउस मार्ग पर हुए वाहन के 20 हजार के चालान पर भी चिंता जताई और स्थाई समाधान मांगा क्योंकि चालान के डर से दो पहिया वाहन चालक इस सड़क पर जाने से कतरा रहे हैं,वहीं टुटू न्यू टुटू वन वे को लेकर पार्षद ने लोगों को अवगत करवाया कि समस्याओं को लेकर एसपी,डीसी और मेयर को ज्ञापन सौंपा गया है,उम्मीद है कि जल्द समस्याओं का समाधान होगा।

