Oplus_131072

प्रदेश भाजपा आज और कल यानी 4 फरवरी को होने वाली विधायक प्राथमिकता बैठक का बहिष्कार करेगी।नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि 2 वर्षों में भाजपा के विधायकों द्वारा बताए गए किसी भी काम को सुक्खू सरकार द्वारा प्राथमिकता नहीं दी गई है,उलटा सरकार द्वारा भाजपा विधायकों को विभिन्न प्रकार से प्रताड़ित किया जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि प्राथमिकता बैठक में भाजपा के विधायक अपने कामों के बारे में बताते हैं,लेकिन सरकार उन्हें बिल्कुल भी प्राथमिकता नहीं देती है।चुने हुए विधायकों की बजाय जनता द्वारा नकारे और हारे हुए कांग्रेस नेताओं को तवज्जो दी जा रही है।शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि जब विधायक प्राथमिकता बैठक में भाजपा के विधायकों द्वारा बताई गईं प्राथमिकताओं को सुक्खू सरकार द्वारा सुनना ही नहीं है तो विधायक प्राथमिकता बैठक का क्या औचित्य है।इसीलिए भाजपा विधायक दल आगामी विधायक प्राथमिकता बैठक का बहिष्कार कर रहा है।जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व सरकार द्वारा शुरू किए कार्य जो वर्तमान में पूर्ण हो रहे हैं,उनके उद्घाटन के कार्यक्रमों में भी भारतीय जनता पार्टी के चुने हुए प्रतिनिधियों की उपेक्षा की जा रही है।उन्हें उद्घाटन के कार्यक्रमों तक में नहीं बुलाया जा रहा है।उद्घाटन पट्टिका में भी उनका नाम नहीं लिखा जा रहा है।वर्तमान सरकार हर स्तर पर चुने हुए भारतीय जनता पार्टी के विधायकों का अपमान कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *