
हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद व दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा के स्टार प्रचारक अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान मुस्तफाबाद जंगपुरा,कस्तूरबानगर व बदरपुर विधानसभा में जनसभाएं करते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सांठ-गांठ कर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी को अरविंद केजरीवाल के पास गिरवी रख दिया है।अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि दिल्ली की जनता पहले कांग्रेस और अब केजरीवाल के झूठे वायदों से थक चुकी है। अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी दोनों ही सिर्फ झूठ की राजनीति करते हैं।उन्होंने कहा कि चुनावों में राहुल गांधी की डबल डेटिंग चल रही है।उन्होंने कहा कि राजनीतिक सांठ-गांठ के चलते राहुल गांधी चुनाव प्रचार के लिए निकल नहीं रहे।सवाल यह उठता है कि आखिर क्यों राहुल-प्रियंका-सोनिया दिल्ली के चुनाव से दूरी बनाए हुए हैं? गांधी परिवार अन्य जगहों पर तो जा रहा है मगर दिल्ली में बेहाल कांग्रेस के साथ आखिर क्यों खड़ा नहीं हो रहा है?अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि ये लोग किस तरह की राजनीति करते हैं।क्या दिल्ली की जनता दिल्ली को वापस दंगों में देखना चाहती है।राहुल गांधी और केजरीवाल वही लोग हैं जो ‘देश के टुकड़े’ होने का नारा लगाने वालों के साथ खड़े हो गए।यहां तक कि इन्होंने ‘टुकड़े टुकड़े गैंग’को टिकट दी।यही नहीं,देश का नामोनिशान मिटाने’ की बात करने वालों के साथ खड़े हो गए।उन्होंने कहा कि संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरु की फांसी की सजा माफ करवाने के लिए सीएम आतिशी मार्लेना के माता-पिता और उनका एनजीओ सहयोग करता है।उन्होंने कहा कि मेरा सवाल अरविंद केजरीवाल से है कि लोकसभा चुनाव में चांदनी चौक में कांग्रेस का बटन दबाया या नोटा का,राहुल गांधी से सवाल है कि नई दिल्ली सीट पर आपने और सोनिया गांधी ने आप का बटन दबाया या नोटा का दबाया,यह जवाब दें।
