
टुटू:10 जनवरी को ग्राम पंचायत टुटू-मजठाई की आम सभा पूर्ण कोरम के साथ पंचायत प्रधान उत्तम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित हुई।बैठक में पंचायत प्रधान ने पंचायत में गत तिमाही में पूर्ण किए गए तथा वर्तमान में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया,उत्तम कश्यप ने पंचायत में प्रधान मंत्री आवास योजना के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा गत वर्ष सितम्बर में जारी की गई प्रथम किश्त का हवाला देते हुए बताया कि पंचायत के सभी सातों लाभार्थियों ने प्राप्त राशि का सदुपयोग कर संतोषजनक कार्य किया है।

उन्होंने बताया कि इन सभी लाभार्थियों को दूसरी किश्त जारी करने हेतु प्रस्ताव खण्ड विकास अधिकारी को भेज दिया गया है,पंचायत प्रधान ने आगे बताया कि पंचायत के अनुसूचित जाति बाहुल जनसंख्या वाले गांव भरयाल में 25 लाख रुपए की अनुमानित लागत राशि से बनने वाले बहुउद्देशीय सामुदायिक परिसर के निर्माण के लिए विकास में जन-सहयोग कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशासनिक स्वीकृति हेतु प्रस्ताव जिलाधीश,शिमला को दे दिया गया है,इस कार्यक्रम के अंतर्गत अनुसूचित जाति बाहुल जनसंख्या वाले गांवों द्वारा 15 प्रतिशत राशि जन सहयोग के रूप में जमा की जाती है तथा शेष 85 प्रतिशत सरकार द्वारा प्रदान की जाती है।

उत्तम कश्यप ने यह भी बताया कि गत 9 दिसम्बर को टुटू सब्जी मण्डी के लोकार्पण के अवसर पर मुख्य मंत्री द्वारा टुटू शमशानघाट को विकसित करने और भरयाल तथा मजठाई गांवों के सामूहिक शमशानघाट के निर्माण के लिए घोषित 10-10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने बारे पत्र मुख्य मंत्री कार्यलय से जिलाधीश कार्यालय में प्राप्त हो गए हैं,इस अवसर पर पंचायत उप प्रधान,केशपा राम,वार्ड सदस्या कमलेश,सुनीता,कमला और अनीता भी उपस्थित रहे,जबकि पंचायत सचिव तारा चन्द ने आम सभा की कार्यवाही को कलमबद्ध किया।
