
हिमाचल के समोसे जांच प्रकरण को लेकर प्रदेश की पूरे देश में किरकिरी हो रही है।इसी बीच भाजपा युवा मोर्चा ने शिमला के शेर-ए-पंजाब में समोसा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया,जिसमें युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने हाथों और प्लेटों पर समोसे रख इस प्रकरण की कड़ी निंदा की। इस मार्च का आयोजन भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज की अध्यक्षता में किया गया।इस उपलक्ष्य पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज ने कहा कि प्रदेश की जनता परेशान है।युवा नौकरियों के इंतजार में है।बेरोजगारी बढ़ रही है।वहीं इस कांग्रेस सरकार को मुख्यमंत्री के समोसे गायब होने की चिंता सता रही है। ऐसी क्या नौबत आ गई कि समोसे गायब होने पर सरकार को सीआईडी जांच बैठानी पड़ गई?क्या समोसे के साथ-साथ सरकार की कोई कीमती चीज तो नहीं गायब हो गई?हिमाचल प्रदेश का पूरे देश में मजाक बन कर रह गया है।हिमाचल में आखिर चल क्या रहा है?तिलक ने कहा कि हिमाचल में व्यवस्था परिवर्तन का दौर चल रहा है और शायद सरकार की ओर से यह ही व्यवस्था परिवर्तन है।प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत खराब हो चुकी है पर सरकार को समोसे की पड़ी है,प्रदेश में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों से आ रहा नशा हिमाचल की नई पौध को बर्बाद कर रहा है।कई स्कूली बच्चे भी ड्रग्स ले रहे हैं।प्रदेश के 204 स्कूलों के साढ़े सात हजार छात्रों पर हुए सर्वे में 9.02 फीसदी किशोरों के इंजेक्शन से नशा लेने की बात सामने आई है।प्रदर्शन में संजय सूद,कर्ण नंदा,सुनील धर,रमा ठाकुर,सुदीप महाजन,तरुण राणा,राजीव पंडित,हनीश चोपड़ा,कल्याण धीमान,राजू ठाकुर,रोहित सचदेवा, किमी,सन्नी लखनपाल,पिंकी गोयल,अभिमन्यु और अंकित उपस्थित रहे।
