
जनजातीय उपमंडल भरमौर की गरोला पंचायत के सवाई गांव में आग लगने से तीन मंजिला मकान जलकर पूरी तरह से राख हो गया है।इस भीषण अग्निकांड में एक दर्जन से अधिक भेड़-बकरियां जिंदा जली गईं।वहीं घर में रखी नकदी व ज्वैलरी आग की भेंट चढ़ गए हैं।आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि वन विभाग की सवाई बीट में 33 केवी बिजली की सप्लाई में शॉर्ट सर्किट के दौरान जंगल में आग लग गई।देखते ही देखते यह आग गांव में पहुंच गई,जिसमें चुन्नी राम का मकान पूरी तरह से जलकर राख हो गया तो वहीं पर कई पुराने घर व घास को रखने के लिए अस्थायी शैड भी इसकी चपेट में आ गए।यही नहीं,सेब तथा अन्य फलदार पौधे भी इसकी चपेट में आए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही भरमौर प्रशासन और स्थानीय विधायक डॉक्टर जनक राज भी घटना स्थल पर पहुंचे,उन्होंने बताया कि घटना में हुए नुक्सान का आकलन किया जा रहा है,जिसके बाद जल्द से जल्द प्रभावितों को फौरी राहत दे दी जाएगी।
