
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि सरकारी क्षेत्र में पांच लाख नौकरी देने का वायदा करने वाली कांग्रेस सरकार नौकरी छीनने का काम कर रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन में जल शक्ति विभाग में 15 वर्ष से आऊटसोर्स पर सेवाएं देने वाले 80 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया है।जयराम ठाकुर ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश में विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात करने वाली सरकार आईजीएमसी शिमला जैसे बड़े अस्पताल में डायबिटीज और थायराइड की जांच किट तक उपलब्ध नहीं करवा पा रही है।इसी अस्पताल में काम करने वाले सफाई और सुरक्षा कर्मियों को चार महीने से मानदेय नहीं मिला है।मुख्यमंत्री से इसकी सीधी शिकायत करने के बावजूद सरकारी स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।इसके अलावा प्रदेश सरकार अपने वायदों के विपरीत काम कर रही है।उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार से परेशान है,क्योंकि उनको सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बजाए छीना जा रहा है।
