विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में गुप्त नवरात्रों का शुभारंभ हो गया है।गुप्त नवरात्रे 6 से 15 जुलाई तक चलेंगे।विधायक संजय रत्न ने कन्या-पूजन कर गुप्त नवरात्रों का शुभारंभ किया।इसके साथ ही 81 पुजारी और विद्वान पंडितों को माता के जप पाठ का विधिवत संकल्प भी दिलवाया गया।इस मौके पर एसडीएम ज्वालाजी संजीव शर्मा,डीएसपी ज्वालामुखी आरपी जसवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।गुप्त नवरात्रों के लिए मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है।मंदिर में 100 क्विंटल फूलों की सजावट की गई है।नौ दिन तक चलने वाले इस महा अनुष्ठान को परंपरा अनुसार मंदिर के पुजारियों द्वारा विश्व कल्याण और विश्व शांति के लिए किया जाता है।इन नौ दिनों में दुर्गा सप्तशती पाठ गणपति,बटुक भैरव,गायत्री,मां ज्वाला मूलमंत्र का जाप किया जाएगा।इसके अलावा देवी भागवत कथा का भी शैय्या भवन में आयोजन किया जाएगा।आषाढ़ मास के गुप्त नवरात्रों में किए गए पूजन व हवन यज्ञ का अन्य दिनों की अपेक्षा कई गुना फल अधिक प्राप्त होता है,इसलिए श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा के साथ इन दिनों में मां की पूजा-अर्चना करके अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।श्रद्धालु इन दिनों में नौ दिनों तक व्रत रखते हैं,मां ज्वाला के मुख्य मंदिर में पांच आरतियां होती हैं।गुप्त नवरात्रों में इन पांच आरतियों में अलग-अलग भोग मां ज्वाला को लगाए जाते हैं।गुप्त नवरात्रि का आयोजन मंदिर प्रशासन की ओर से बड़े धूमधाम से किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *