ध्याणा जो इतना शगन पा की पूरा प्रदेश देहरे पर गर्व करै।

देहरा:कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र में धुंआधार चुनाव प्रचार किया।उन्होंने कहा कि देहरे दे नाएं पर कालिख लगियो,ऐ जीके दा सवाल बनना।देहरे दे विधायक ने 14 महीने च विधायकी केयो छड्डी,ऐ सवाल पेपरे च औना।मैं भाजपा-कांग्रेस नी अपने पेणा-पाऊँ ते मंगा दी वोट,ध्याणा जो इतना शगन पा की पूरा प्रदेश देहरे पर गर्व करै।उन्होंने कहा कि देहरा आने वाले समय में गर्व करेगा,विकास की कोई कमी नहीं रहेगी।पिछले साढ़े छह साल में विधानसभा क्षेत्र की जो अनदेखी हुई है, उसकी भरपाई छह महीने में की जाएगी।पूर्व निर्दलीय विधायक इस्तीफा देने के बाद अब फिर किस मुंह से वोट मांगने आ रहे हैं।वही सरकार प्रदेश में है,वही मुख्यमंत्री हैं, अब वह लोगों से क्यों झूठ बोल रहे हैं कि आपके काम करवाऊंगा।

कमलेश ने कहा कि होशियार सिंह ने न पहले विकास कार्यों को तरजीह दी न आगे देंगे,क्योंकि उनका काम सिर्फ राजनीतिक रोटियां पकाना है।मुख्यमंत्री इस क्षेत्र का विकास खुद करवाएंगे और मैं आपका माध्यम बनूंगी। मुख्यमंत्री से घर में ही काम करवा लूंगी,मंत्रियों से भी देहरा के काम करवाए जाएंगे।प्रचार के दौरान मैंने और मुख्यमंत्री ने पूरे देहरा की समस्याओं को जान लिया है।पूर्व निर्दलीय विधायक के कारण लोग खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देहरा की जनता अपनी ध्याण को शगुन के रूप में वोट डालें।ससुराल में भी मेरा सिर ऊंचा हो व प्रदेश में भी,अगर आपने कसर छोड़ी तो ससुराल के ताने बुरा होते हैं। इसलिए 10 जुलाई को कोई गलती नहीं करनी है।अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेस को वोट डालने हैं।देहरा के विकास के लिए यह सुनहरी मौका है।इस विधानसभा क्षेत्र को बना बनाया मुख्यमंत्री मिल रहा है,बीते 25 साल में देहरा की जो अनदेखी हुई है उसकी सारी कसर निकल जायेगी।आपको मुख्यमंत्री को चुनना है,जनता की भावनाओं से खिलवाड़ करने वालों को नहीं।मेरा वादा है कि विकास की नई गाथा देहरा लिखेगा।
