Modi 3.0 में जगत प्रकाश नड्डा को स्वास्थ्य के साथ रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय दिए जाने से हिमाचल प्रदेश की उम्मीदें बढ़ गई हैं।ऐसे में आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश को स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए प्रोजैक्ट मिल सकते हैं।इससे पहले भी उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में एम्स जैसी बड़ी सौगात प्रदेश को दी थी।इसके अलावा पांच मैडीकल कालेज,मातृ एवं शिशु स्पैशल सैंटर,पीजीआई सैटेलाइट सैंटर और आईजीएमसी का सुपर स्पैशलिटी अस्पताल उनकी देन है। नड्डा के पास रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय भी रहेगा।इससे भी प्रदेश के किसानों एवं बागवानों की उम्मीदें बढ़ गई हैं यानी प्रदेश को रसायन एवं उर्वरक के क्षेत्र में मदद मिल सकती है। मोदी 3.0 कैबिनेट से बाहर रहे अनुराग ठाकुर को नया दायित्व सौंपे जाने को लेकर भी प्रदेश में अटकलों का दौर जारी है।अनुराग ठाकुर युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अपनी काबिलियत का लोहा मनवा चुके हैं।ऐसे में उनको संगठन में अहम दायित्व दिए जाने की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता।इसके अलावा अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश की राजनीति में भी सक्रिय हो सकते हैं।यदि ऐसा हुआ तो इससे प्रदेश भाजपा के भीतर नए सियासी समीकरण बनकर उभर सकते हैं तथा इसकी झलक तीन विधानसभा उपचुनावों के दौरान भी देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *