
नादौन।मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने विधानसभा क्षेत्र के जोलसप्पड़ में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीतिक मंडी में बिके हमीरपुर जिला के तीन पूर्व विधायक खनन व भू-माफिया हैं।उन्होंने जिला के लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है।इन तीनों विधायकों ने अपना ईमान बेचा है।पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अहंकार में चूर हैं,वह रोजाना भगवान को चुनौती देते हैं।जनता की चुनी हुई सरकार को गिराने की वह जो कोशिश कर रहे हैं,उसका मुंहतोड़ जवाब चार जून को प्रदेश की जनता देगी।उन्होंने कहा कि सुजानपुर व बड़सर में हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी को जीत दिलाने के लिए हर व्यक्ति कमर कस ले।लोकतंत्र में वोट की ताकत है,नोट के बूते उसे नहीं खरीदा जा सकता।वोट को खरीदने वाली भाजपा को सबक सिखाने का सही समय एक जून है।भाजपा ने कांग्रेस की एक राज्यसभा सीट चुराई है,जनता चारों लोकसभा व 6 विधानसभा सीटों को जिताकर सबक सिखाएगी।पिछली बार नादौन के लोगों ने अपना वोट विधायक के लिए दिया था,इस बार मुख्यमंत्री के नाम पर दें।सरकार बनाने के बाद प्रदेश के विकास को गति दी है।भाजपा सरकार के समय से रुके हुए विकास कार्यों को गति दी जा रही है।6-8 महीने में पूरे राज्य की सूरत बदल जी जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि जोलसप्पड़ मेडिकल मैंने मंजूर करवाया,आज उसका काम तेज गति से चल रहा है।अगर मैं मुख्यमंत्री न बनता तो कछुआ चाल से इसका काम चलता।यहां कैंसर का राष्ट्रीय संस्थान बना रहे हैं। जोलसप्पड़ मेडिकल कॉलेज को लेकर अनुराग ठाकुर बार-बार झूठ बोल रहे हैं।झूठ बार-बार सच से टकराता है, लेकिन अंत में जीत सच की होती है।जोलसप्पड़ अब शहर में तब्दील हो रहा है,कॉलेज यहां शुरू होते ही सारे खाली कमरे किराए पर चढ़ जाएंगे।क्षेत्र की सभी सड़कें जल्द दुरुस्त हो जाएंगी।पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए जा चुके हैं,चुनाव आचार संहिता खत्म होने के बाद युद्ध स्तर पर काम शुरू होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 1.36 लाख कर्मचारियों को ओपीएस दी।सवा लाख विधवाओं व एकल नारियों के बच्चों के लिए मुफ्त शिक्षा योजना शुरू की है।18 साल से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को 1500 रुपये पेंशन देने की योजना शुरू हो चुकी है।पहली अप्रैल से योजना का लाभ मिलेगा।2.37 लाख उन महिलाओं को 1500 रुपये मिलना शुरू हो गए हैं जिन्हें 1150 रुपये सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिल रही थी।4000 बच्चों को गोद लेकर चिल्ड्रन ऑफ स्टेट का दर्जा दिया है।सुखविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है।अनाथ बच्चों को हक़ प्रदान करने से कोई नहीं रोक सकता।अगर कोई अधिकारी आनाकानी करता है तो उसके लिए सजा का प्रावधान है।ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने व लोगों की जेब में सीधा पैसा डालने के लिए मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी 60 रुपये बढ़ाई है।गाय का दूध सरकार 45 रुपये व भैंस का दूध 55 रुपये खरीदेगी।गोबर का इस्तेमाल कर खेती करने वालों से 40 रुपये गेहूं व 30 रुपये मक्की खरीदी जाएगी।राजस्व कानून में सरकार ने बदलाव किया।उसके बाद 3 महीने में एक लाख इंतकाल व 7500 तकसीम हुईं।सरकार ने आपदा राहत मैन्युअल में बदलाव किया व प्रभावित परिवारों को घर बनाने के लिए डेढ़ लाख रुपये की जगह 7 लाख रुपये प्रदान किये।केंद्र सरकार ने कोई मदद हिमाचल प्रदेश की नहीं की। हमीरपुर के भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने विशेष राहत पैकेज के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को एक चिट्ठी तक नहीं लिखी।
