BJP प्रदेश अध्यक्ष डाॅ.राजीव बिंदल ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस रंग भेद,नस्ल भेद,जाति भेद व धर्म भेद करके एक बार फिर से देश को विभाजन की कगार पर ले जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार के गुरु सैम पित्रोदा ने देशवासियों का अपमान किया।वह कुछ को मंगोलियन, कुछ को अरेबियन और कुछ को हब्शियों के साथ मिला रहे हैं।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूरे देश में अल्पसंख्यक आरक्षण देने की जोर-शोर से वकालत कर रहे हैं और यह कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र का हिस्सा है।डाॅ.राजीव बिंदल चौड़ा मैदान में भाजपा रैली को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विशेष श्रेणी का दर्जा छीना,जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आते ही बहाल किया।बिंदल ने आरोप लगाया कि हिमाचल में कांग्रेस ने महिलाओं का अपमान किया था युवाओं के साथ बेइमानी की।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी नेता विहीन,नीति विहीन और विचार विहीन होने के कारण लगातार नीचे की ओर जा रही है।उन्होंने कहा कि आज 450 सांसदों वाली पार्टी 50 सांसदों पर पहुंच गई है और आगामी चुनाव में इससे भी नीचे पहुंच जाएगी।उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार के सहयोग से फोरलेन और नैशनल हाईवे जैसे प्रोजैक्ट चल रहे हैं।इसके विपरीत कांग्रेस राज में एक भी फोरलेन और नैशनल हाईवे का निर्माण नहीं हुआ।उन्होंने कहा कि भाजपा ने बद्दी-बरोटीवाला रेल लाइन,ऊना-अम्ब-अंदौरा रेल लाइन,बिलासपुर रेल लाइन,एम्स, 3-3 मेडिकल कॉलेज,आईआईएम,हाईड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज,पीजीआई सैटेलाइट अस्पताल,केंद्रीय विश्वविद्यालय,8 लाख घरों में पानी के कनैक्शन,21 हजार गरीबों को पक्के मकान, 11 लाख गरीबों को आयुष्मान भारत का लाभ तथा 20 लाख लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध करवाया है।उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान से सहमति जताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता बेइमानों का साथ नहीं देगी।उन्होंने कहा कि बेइमानी तो कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को झूठी गारंटियां देकर की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *