प्रदेश में सरकार बदलने का अभी साढ़े तीन वर्ष का समय था,लेकिन यह अवसर मात्र 15 माह में ही आ गया।जनता भी वर्तमान प्रदेश सरकार से छुटकारा पाना चाहती है तथा बदलाव की राह पर है।यह बात हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने सुजानपुर व बड़सर में जनसभाएं करते हुए कही।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के पास 15 माह के कार्यकाल में प्रदेश व सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता को दिखाने व बताने के लिए कुछ भी नहीं है।

उन्होंने कहा कि वह भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा के लिए सहयोग व समर्थन के साथ-साथ उनके पक्ष में वोट डालने के लिए सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता से वोट मांगने आए हैं।उन्होंने भाजपा कार्यकर्त्ताओं से कहा कि वे घर-घर जाकर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगें।अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बीते 5 वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में चहुंमुखी विकास किया है।कांग्रेस बांटो और राज करो की राजनीति करती है।

उन्होंने कहा कि सुबह का भूला यदि शाम को घर आ जाए तो उसे भूला नहीं कहते।उन्होंने कहा कि कांग्रेस जातिवाद व धर्मवाद के नाम पर देश को बांटना चाहती है।केंद्र की मोदी सरकार ने 10 वर्ष के भीतर देश में कई नए आयाम स्थापित किए हैं,जबकि 60 वर्ष के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने देश की जनता के लिए कोई भी ऐसी नीति नहीं लाई,जिसके लिए देश की जनता को कांग्रेस के पक्ष में मतदान करना चाहिए।उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 10 वर्ष के कार्यकाल में देश में ऐसे कार्य किए जो कांग्रेस ने 60 वर्ष में नहीं किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *