राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने पांच दिवसीय दौरे को लेकर शिमला पहुंच गईं हैं।राष्ट्रपति का हैलीकॉप्टर छराबड़ा के कल्याणी हैलीपैड पर लैंड हुआ।इस दौरान राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्रपति का शिमला पहुंचने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया,राष्ट्रपति दौरे के लिए मिनिस्टर-इन-वेटिंग स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ.(कर्नल) धनीराम शांडिल, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर,मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना,पुलिस महानिदेशक डॉ.अतुल वर्मा, प्रधान सचिव सामान्य प्रशासन देवेश कुमार तथा प्रदेश सरकार एवं सेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।अपने पांच दिवसीय दौरे के दौरान राष्ट्रपति शिमला स्थित राष्ट्रपति निवास दी रिट्रीट में रुकेंगी।इस दौरान दी रिट्रीट राष्ट्रपति निवास आम जनता और पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।उनका छः मई को धर्मशाला स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय के 7वें दीक्षांत समारोह में शिरकत करने का कार्यक्रम है,जहां वह 709 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगी।सात मई को सुबह संकट मोचन और तारादेवी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी और दोपहर बाद मालरोड,रिज मैदान में सैर करेंगी।शाम को गेयटी थियेटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।सात मई को राजभवन में राष्ट्रपति को स्टेट डिनर दिया जाएगा।स्टेट डिनर में उन्हें गुच्छी व लिंगड़ की सब्जी परोसी जाएगी,साथ ही विशेष रूप से मिलेट्स की रोटी भी परोसी जाएगी।राष्ट्रपति आठ मई को सुबह शिमला से वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगी।प्रदेश सरकार ने राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।राष्ट्रपति के हिमाचल दौरे के लिए 12 लाइजन ऑफिसर नियुक्त किए हैं।ये अधिकारी राष्ट्रपति के साथ-साथ उनके परिवार व उनके व्यवस्थाओं को लेकर लाइजन करेंगे।इसके अलावा आठ अधिकारी रिजर्व में भी रखे गए हैं।वहीं चप्पे चप्पे पर पुलिस का पहरा रहेगा और एक हजार से अधिक पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किए गए हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *