
लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के प्रत्याशियों को लेकर कांग्रेस का मंथन जारी है।इसके तहत इसी सप्ताह कांग्रेस अपने शेष सभी प्रत्याशियों के नामों पर मोहर लगा देगी।इसको लेकर 3 से 4 दिनों के भीतर दिल्ली में कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आयोजित होगी।इस बैठक में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू,कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी उपस्थित रहेंगे,केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लोकसभा की शेष बचीं दो सीटों कांगड़ा और हमीरपुर के साथ ही छः विधानसभा क्षेत्रों धर्मशाला,लाहौल-स्पीति,कुटलैहड़,गगरेट, सुजानपुर और बड़सर में होने वाले उपचुनाव के प्रत्याशियों की घोषणा भी कर दी जाएगी।उपचुनाव के प्रत्याशियों को लेकर मुख्यमंत्री सभी स्थानीय नेताओं से पूरा फीडबैक ले रहे हैं।टिकट के दावेदारों ने भी उनसे मुलाकात की है,ऐसे में वह सशक्त प्रत्याशियों को लेकर अपनी रिपोर्ट भी हाईकमान को सौंपेगे।मुख्यमंत्री स्पष्ट कर चुके हैं कि चुनाव में उस प्रत्याशी को ही उतारा जाएगा,जो जीत की क्षमता रखता हो।वहीं प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार प्रसार की रणनीति तैयार करने में जुट गई है।सूचना के अनुसार प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही प्रदेश में चुनाव प्रचार को लेकर पार्टी के स्टार प्रचारकों की भी सूची जारी कर दी जाएगी।
