CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेसी विधायकों के साथ भाजपा को चुनाव में घेरने को लेकर रणनीति तैयार की।इस दौरान लोकसभा और छः सीटों पर विधानसभा उपचुनाव में जीत को लेकर एक योजना भी तैयार की।मंगलवार को शिमला में सीएम की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई,जिसमें चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की गई। यह बैठक मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर में दोपहर चार बजे शुरू हुई,जो देर शाम तक चली।बैठक में विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में हर पोलिंग बूथ पर पार्टी प्रत्याशियों को लीड दिलाने का लक्ष्य दिया गया है,साथ ही बैठक में निर्णय लिया गया कि विधायकों की खरीद-फरोख्त तथा विपक्ष के षड्यंत्र को चुनावों में प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा तथा इसे प्रदेश के हर वोटर तक इस सच्चाई को पहुंचाया जाएगा।बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार चर्चा की गई तथा जहां पर कांग्रेस कमजोर है,वहां पर पार्टी को मजबूत करने व इसे लीड दिलाने को लेकर मंथन किया गया।बैठक में निर्णय लिया गया कि चुनावों में कांग्रेस आक्रामक तरीके से चुनावी मैदान में उतरेगी तथा प्रचार के दौरान विपक्षी दल भाजपा पर तीखे हमले बोले जाएंगे।सभी विधायकों व नेताओं को हमलावर रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों व विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन के पदाधिकारी,बड़े नेताओं, बोर्ड निगमों के अध्यक्ष,उपाध्यक्षों को साथ लेकर प्रचार में उतरने के निर्देश दिए।45 दिन में सभी को एकजुटता का परिचय दें ताकि भाजपा को हार का मुंह देखना पड़े।चुनाव प्रचार को लेकर भी बैठक में रणनीति तय की गई।इसके तहत निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री हर विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनसभा को संबोधित करेंगे,जबकि कैबिनेट मंत्री अपने संसदीय क्षेत्रों में प्रचार की कमान संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *