
लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी 10 से 14 मई के बीच नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान भाजपा शक्ति प्रदर्शन भी करेगी,जिसमें छोटी-बड़ी रैलियों और नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया जाएगा।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ.राजीव बिंदल ने इसको लेकर पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।इन निर्देशों के अनुसार मई माह में वर्गों के अनुसार बैठकें आयोजित होंगी।यानी डाॅक्टर,वकील,सीए, व्यापारी,कर्मचारी,पूर्व कर्मचारी,रेहड़ी-फड़ी वालों एवं खिलाड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।कुल मिलाकर भाजपा चुनाव में रणनीति के तहत आगे बढ़ेगी,जिसकी शुरूआत बूथ विजय अभियान से की जाएगी।इस अभियान के तहत श्रीराम नवमी के बाद बूथ विजय अभियान चलाया जाएगा।इसी तरह 20 से 30 अप्रैल को विधानसभा क्षेत्रों में पन्ना प्रमुख सम्मेलन आयोजित होंगे। इसमें 2,500 से 3,000 तक कार्यकर्त्ता शामिल होंगे।इस दौरान हर बूथ पर जाकर हर पन्ना प्रमुख को कार्ड व पन्ना दिया जाएगा।इसके बाद 1 से 10 मई के मध्य हर बूथ क्षेत्र में 10 बैठकें होंगी,जिसमें 20 से लेकर 100 संख्या की 10 बैठकें होंगी।इसका उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ जीत प्राप्त करना है।पार्टी 10 से 20 मई के मध्य हर घर संपर्क अभियान चलाएगी,जिसमें हर घर में स्टीकर व हर घर में पत्रक देकर भाजपा के पक्ष में वोट देने का आग्रह किया जाएगा।इसी दौरान लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा।युवा मोर्चा,महिला मोर्चा,किसान मोर्चा व अन्य सभी मोर्चे अपने-अपने कार्यक्रम करते हुए तीनों कार्यक्रमों में अपनी भूमिका निभाएंगे।
