
सोलन/अर्की:खेत में सिंचाई करने गए चम्यावल के व्यक्ति की साथ लगते खेत में करंट लगने से मौत हो गई है।प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने खेत मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने आरोपी के खेत से बिजली के तारों को अपने कब्जे में ले लिया है।नगीन चंद निवासी गांव चम्यावल (अर्की) ने पुलिस को शिकायत दी कि 22 मार्च की रात उन्हें रमा वर्मा पत्नी वीरेंद्र कुमार वर्मा निवासी चम्यावल का शिमला से फोन आया कि उसके पति सिंचाई करने सुझाईला गए हैं।उन्होंने फोन पर बताया कि यहां खेतों में बिजली की तार लगी है।ये खेत जीत राम निवासी सुझाईला के हैं।फोन पर बातचीत करते-करते उन्होंने जोर से चीख मारी और फिर बातचीत बंद हो गई।रमा ने उन्हें मौके पर जाकर पता करने को कहा।इस पर वह गांव के अन्य लोगों के साथ सुझाईला गए तो उन्होंने देखा कि वीरेंद्र कुमार जीत राम के खेत में पानी के बीच मुंह के बल गिरे थे।खेत में तार चारों तरफ लगे थे।करंट लगने से उसकी मौत हो गई थी।सूचना पुलिस को दी गई।एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि वीरेंद्र कुमार वर्मा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।पुलिस ने आरोपी जीत राम के खेत से बिजली के तारें बरामद कर ली हैं।आरोपी के खिलाफ अर्की थाना में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया और जांच की जा रही है।
