
सुप्रीम कोर्ट ने अपने ऐतिहासिक फैसले में रिश्वत लेकर वोट देने वाले माननीयों को अभियोजन से राहत देने से इंकार के फैसले का केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने स्वागत किया है।अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीति तभी स्वच्छ होगी,जब इस तरह के फैसले आएंगे।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश में सफाई की बात करते हैं।अब इस फैसले से राजनीति में ऐसे लोगों की सफाई होगी।केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर हमीरपुर में पहाड़ी गीत-संगीत के ग्रैंड फिनाले में भाग लेने के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि शिमला में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की बैठक आयोजित की जा रही है जिसमें लोकसभा उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की जाएगी।इसके बाद पार्लियामैंटरी बोर्ड बैठेगा।सैंट्रल इलैक्शन कमेटी के माध्यम से उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे।उन्होंने प्रदेश कि चारों सीटों को जीतने का दावा किया है।अनुराग ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में अपने लोग ही नहीं मान रहे हैं और कांग्रेस ही सरकार को अस्थिर कर रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले लोगों को झूठी गारंटियां दी थीं जिसके चलते कांग्रेस के विधायक जनता में नहीं जा पा रहे थे,क्योंकि जनता विधायकों से सवाल पूछ रही थी।कांग्रेस के विधायक ही अपने ही खिलाफ वोट कर रहे हैं।यह स्थिति कांग्रेस द्वारा ही खड़ी की गई है,उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार से प्रदेश की जनता हताश और निराश है।
