BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को धर्मशाला के नजदीक गगल में भाजपा हिमाचल प्रदेश की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक में भाग लिया।बैठक में उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल,नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर,केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह,प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना,चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा,सह प्रभारी संजय टंडन, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन,बिहारी लाल शर्मा,त्रिलोक कपूर,सिकंदर कुमार उपस्थित रहे।बैठक में भाजपा प्रदेश पदाधिकारी,जिला अध्यक्ष,मोर्चा अध्यक्ष,प्रकोष्ठ संयोजक और विभिन्न प्रतिनिधियों ने भाग लिया।भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने ढाई घंटे चली इस बैठक में लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर मार्गदर्शन किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के अनेक-अनेक अभियान चल रहे हैं,जिसमें गांव चलो अभियान है जिसके कार्यों की समीक्षा बैठक में की गई।बूथ कैसे मजबूत हों,इसका चिंतन किया गया,मन की बात कार्यक्रम को कैसे और प्रभावशाली बनाया जाए,मन की बात कार्यक्रम में हर बूथ की बैठक हो अर्थात ग्राउंड जीरो के ऊपर नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियां किस प्रकार से पहुंचे और इंडी गठबंधन और कांग्रेस पार्टी की जो नकारात्मक नीतियां हैं,जो परिवारवाद हैं इन सभी विषयों को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने जानकारी दी।

डॉ.बिंदल ने कहा कि पार्टी द्वारा प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक पार्टी में लोगों को जोड़ने के लिए ज्वाइनिंग अभियान शुरू हुआ,जिसमें सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी जगदीश चंद शर्मा को विधिवत रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलवाई।डा बिंदल ने कहा कि 2024 में हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें जीतने के लिए किस-किस तरीके के साथ संगठन को आगे बढ़ना है वह समस्त दिशा-निर्देश बैठक में दिए गए और यथासमय संगठन अपने कार्यों को पूरा करेगा,ऐसा प्रदेश संगठन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को आश्वस्त किया।

इस बैठक में नव मतदाता सम्मेलन,वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्पर्क अभियान,मन की बात,लाभार्थी सम्पर्क जैसे विभिन्न अभियानों को लेकर विशेष चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *