
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में चल रहे उद्योगों को माफिया डरा-धमका रहा है,जिसके कारण वे प्रदेश छोड़कर जाने का अल्टीमेटम दे रहे हैं और मुख्यमंत्री दुबई में जाकर निवेशकों को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के अनुकूल माहौल बनाना सरकार का काम है और जब उद्योगों के अनुकूल माहौल रहेगा और उद्योगों के लायक माहौल होगा,तब निवेशक प्रदेश में निवेश के लिए स्वयं आएंगे।जयराम ठाकुर ने कहा कि कोई भी उद्योगपति किसी जगह निवेश के पहले वहां के हालात देखता है,सर्वे करवाता है और समाचारों के माध्यम से उस जगह के हालात समझता है। आज कोई उद्योगपति हिमाचल में उद्योग लगाने से पहले जब सर्वे करवाएगा तो उसे क्या पता चलेगा?यही कि इस सरकार ने पिछली सरकार द्वारा उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए चलाई जा रही योजनाओं को रोक दिया।जयराम ने कहा कि माफिया बिना सत्ता के संरक्षण के इतना ताकतवर कैसे हो सकता है,मुख्यमंत्री को इन सवालों के जवाब देने होंगे।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमारी सरकार ने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चलाईं व कई रियायतें दीं,जिससे उद्योग लगाने के लिए उद्योगपति हिमाचल आए।
