विकसित भारत @ 2047-वॉयस ऑफ यूथ’’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि आज का भारत दुनिया का प्रतिनिधित्व कर रहा है।अगले 25 वषों में विकसित भारत बनाने में युवाओं की ऊर्जा को हमें रचनात्मक दिशा मेें बढ़ाना है।वह आज ‘‘विकसित भारत @ 2047-वॉयस ऑफ यूथ’’ विषय पर राजभवन में आयोजित कार्यशाला को दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे।

कार्यशाला में हिमाचल प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपति,निदेशक,प्रति-कुलपति,अधीष्ठाता,प्रधानाचार्य, प्राचार्य और फैकल्टी मैंबर्स ने भाग लिया।श्री शुक्ल ने कहा कि विकसित राष्ट्र के लिए हमारे योगदान को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो दृष्टिकोण दिया है और विचार आमंत्रित किए हैं,वह अधिक महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि 21वीं सदी भारत की सदी होगी,क्योंकि देश अपनी क्षमताओं के प्रति आश्वस्त होकर भविष्य की ओर बढ़ रहा है।यह आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी।श्री शुक्ल ने कहा‘‘2047 तक,भारत एक विकसित राष्ट्र की सभी विशेषताओं के साथ 30 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।यह एक विकसित भारत होगा।

उन्होंने कहा युवाओं में बढ़ते नशे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले दिनों एन.आई.टी. हमीरपुर में हुई घटना विचलित करने वाली है।नशे शिक्षण संस्थानों तक पहुंच रहा है,जिसपर विचार करने की आवश्यकता है।राज्यपाल ने कहा कि भारत को 2047 तक लगभग 3000 अरब डॉलर की विकसित अर्थव्यवस्था बनाने के लिए एक विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है।विजन इंडिया-2047 डॉक्यूमेंट के मसौदे में उन संस्थागत एवं संरचनात्मक परिवर्तनों एवं सुधारों की रूपरेखा रखी जाएगी, जिनकी देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लिए आवश्यकता होगी।

श्री शुक्ल ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है।144 करोड़ की आबादी के साथ,भारत 29 वर्ष की औसत आयु के साथ सबसे युवा देशों में से एक है।यह दुनिया की कुल युवा आबादी का लगभग 20 प्रतिशत है।यह एक बहुत बड़ा अवसर है,जिसके 2047 तक बने रहने की संभावना है।उन्होंने कहा कि इस जनसांख्यिकीय लाभांश का अच्छी तरह से उपयोग करके,हम भारत को एक विकसित भारत के रूप में आगे बढ़ा सकते हैं।उन्होंने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय स्तर पर विकसित भारत के इस महत्वपूर्ण अभियान में देश की युवा शक्ति के सुझावों को प्राप्त कर उन्हें एक डाक्यूमंेट के तौर पर प्रस्तुत करें।

इससे पूर्व, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विकसित भारत @ 2047 आईडिया पोर्टल का शुभारंभ और उनके वर्चुअल संबोधन को भी राजभवन में प्रसारित किया गया।

राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्याल के सचिव राजेश शर्मा ने ‘‘विकसित भारत @ 2047-वॉयस ऑफ यूथ’’ विषय जिसे नीति आयोग द्वारा निर्धारित किया गया था,पर अपनी विस्तृत प्रस्तुति दी।कार्यशाला में पांच समूह गठित किए गए थे,जिन्होंने सशक्त भारतीय,संपन्न और सतत् अर्थव्यवस्था,नवाचार,विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी,सुशासन एवं सुरक्षा और विश्व में भारत विषयों पर अपनी प्रस्तुतियां दी।
