कम खपत के ऊर्जा उपकरणों को मिले प्रोत्साहनःशुक्ल

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सतलुज जल विद्युत निगम द्वारा ऊर्जा संरक्षण विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। निगम के शनान स्थित मुख्यालय में आयोजित पारितोषिक वितरण समारोह में राज्यपाल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए।इस अवसर पर,अपने संबोधन में राज्यपाल ने विद्युत निष्पादन के साथ-साथ शिक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए निगम के प्रयासों की सराहना की।उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि एस.जे.वी.एन. इन प्रतियोगिताओं का दायित्व पिछले कई वर्षों से सफलतापूर्वक निभा रहा है और अब तक लाखों बच्चे इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण पर राष्ट्रीय जागरुकता अभियान में भाग ले चुके हैं।इस वर्ष प्रदेश के 12 जिलों के 2852 स्कूलों के 157500 बच्चों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया,जो उनके उत्साह को दर्शाता है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रतियोगिता के विजयी छात्र नई दिल्ली में राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट पुरस्कार प्राप्त करेंगे।ऊर्जा संरक्षण पर बल देते हुए राज्यपाल ने कहा कि इसके उपयोग से जीवन आरामदायक और सुविधाजनक तो बनता है लेकिन,यह भी आवश्यक है कि इसका कम उपयोग किया जाए।इसके लिए कम खपत वाले ऊर्जा उपकरणों के उपयोग को प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि भारत सरकार के राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान की पहल से अब तक लगभग 15 प्रतिशत बिजली की बचत संभव हो पाई है।ऊर्जा क्षेत्र में एस.जे.वी.एन. के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रबंधन वर्ग को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि आज एस.जे.वी.एन. का पोर्टफोलियो लगभग 58000 मेगावाट से अधिक है।कंपनी 13 प्रदेशों एवं पड़ोसी देश नेपाल में विद्युत क्षेत्र की परियोजनाएं निष्पादित कर रही है तथा हिमाचल में भी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।इससे पूर्व, राज्यपाल ने पुरस्कृत चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

सतलुज जलविद्युत निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंधन निदेशक नंद लाल शर्मा ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित इस प्रतियोगिता में कक्षा 5,6,7 के 60165 एवं कक्षा 8,9,10 के 97335 बच्चों ने भाग लिया था।प्रतियोगिता का मूल्याकंन निर्णायक मडंल द्वारा किया गया तथा प्रत्येक समूह से 55-55 सर्वश्रेष्ठ पेटिंग को राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया।

उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में ऊर्जा संरक्षण को लेकर दो महत्वपूर्ण विषय रखे गए थे,जिनमें लाइफ बिना सोचे समझें और विनाशकरी उपभोग के बजाए विवेकपूर्ण उपयोग तथा एक धरती अनेक प्रयास शामिल थे।इन विषयों पर बच्चों ने कला के माध्यम से प्रस्तुति दी।उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में एस.जे.वी.एन. एल. की गतिविधियों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।बाद में,राज्यपाल ने सतलुज संजीवनी सेवा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा के तीन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।प्रथम पुरस्कार के तौर पर 50 हज़ार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 30 हज़ार तथा तृतीय पुरस्कार के तौर पर 20 हज़ार रुपये प्रदान किया गए।एस.जे.वी.एनत्र की निदेशक (कार्मिक) गीता कपूर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा,एस.जे.वी.एन. के निदेशक अखिलेश्वर सिंह और सुशील शर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *