
Himachal Pradesh में केंद्र से आपदा राहत को लेकर कांग्रेस सरकार और भाजपा के बीच चल रही जुबानी जंग पर पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता क्या है,यह समझ से परे है। उन्होंने साफ कहा कि मुख्यमंत्री सखविंद्र सिंह सुक्खू और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दोनों को प्रदेश की जनता को बताना होगा कि केंद्र सरकार से आपदा राहत का पैसा आया है या नहीं।उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि केंद्र से आपदा के लिए किसी प्रकार की कोई सहायता नहीं मिली है।राहत पैकेज का कोई भी पैसा नहीं आया है,जबकि दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रदेश को आपदा सहायता देने के लिए धन्यवाद कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के यह विरोधाभासी बयान प्रदेशहित में नहीं हैं।इन दोनों की बातें सच नहीं हो सकतीं। दोनों में से कोई न कोई झूठ बोल रहा है।शांता ने कहा कि ऐसा लगता है कि प्रदेश को मिलने वाली सामान्य धनराशि आई होगी उसी को भाजपा आपदा सहायता कह रही है।सुक्खू सरकार उसे सामान्य अनुदान समझ रही है।शांता कुमार ने मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रदेश की जनता के सामने वास्तविक स्थिति बताने की कृपा करें।
