
वन विभाग में 25 वर्ष से अधिक आयु वाले युवक वन मित्र नहीं लग सकेंगे।राज्य में 18 से 25 वर्ष के उम्र वाले वन मित्र बन सकेंगे।प्रदेश सरकार ने वन मित्र भर्ती को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।इसके तहत 100 अंकों का टैस्ट होगा और जो टॉप पर होगा,उसे वन मित्र लगाया जाएगा। अभ्यर्थी 12वीं पास होना चाहिए।कमजोर वित्तीय स्थिति व बीपीएल के 2 अंक,एससी,एसटी,ओबीसी कैटेगरी के 2 अंक,एनसीसी,एनएसएस,भारत स्काऊट एंड गाइड एवं राष्ट्रीय स्तर पर मैडल जीतने के 5 अंक,विधवा,तलाकशुदा, एकल महिला को 3 अंक,एकल पुत्री व अनाथ को 3 अंक, जबकि व्यक्तिगत साक्षात्कार के 10 अंक तय किए गए हैं।अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास होगी। वन मित्रों को 10 हजार रुपए प्रति माह फिक्स अमाऊंट दिया जाएगा।उसे साल में 12 छुट्टियां दी जाएंगी जबकि अन्य सरकारी सभी छुट्टियां भी मिलेंगी।वहीं महिलाओं को 180 दिन का मैटर्निटी लीव व मिसकैरेज पर 45 दिन की मैटर्निटी लीव मिलेगी।प्रदेश के 2061 वन बीट पर वन मित्र रखे जाएंगे।अभ्यर्थियों को शारीरिक मानदंड भी पूरे करने होंगे। ग्राऊंड टैस्ट क्लीयर करने के बाद ही वे वन मित्र लग सकेंगे।पुरुषों को लेकर अलग से शारीरिक मानदंड जारी किए गए हैं।इसमें पुरुषों की न्यूनतम ऊंचाई 165 सैंटीमीटर, छाती बिना फुलाए 79 व फुलाने के साथ 84 सैंटीमीटर,महिलाओं के लिए ऊंचाई न्यूनतम 150 सैंटीमीटर,छाती बिना फुलाए 74 व फुलाने के साथ 79 सैंटीमीटर,एसटी के लिए ऊंचाई में 5 सैंटीमीटर व छाती में 4 सैंटीमीटर की छूट रहेगी। वहीं पुरुषों को 30 मिनट में 5 हजार मीटर दौड़ पूरी करनी होगी।महिलाओं को 10 मिनट में 1500 मीटर दौड़ पूरी करनी होगी।

“तबादलों से मिलेगी राहत“
वन मित्र संबंधित वन बीट से रखा जाएगा और तबादला नहीं होगा।यानि वे तबादलों के झंझट से बचे रहेंगे।यदि कोई वन मित्र लग गया तो वह सेवाओं से हटाए न जाने तक उसी बीट पर काम करता रहेगा।एक दिन में उन्हें 6 घंटे काम करना होगा।
