Himachal प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.सत प्रकाश बंसल ने पद से इस्तीफा दे दिया है।सोमवार को प्रो.बंसल ने ई-मेल के जरिए राजभवन अपना इस्तीफा भेजा है।हालांकि इस्तीफा स्वीकार होने तक वे कुलपति पद का कार्यभार देखते रहेंगे।वे वर्तमान में मुख्य रूप से केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के कुलपति हैं और वे एच.पी.यू. के कुलपति पद का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे थे।प्रो.बंसल ने स्वास्थ्य कारणों व 2 विश्वविद्यालयों का कार्यभार एक साथ देखने व केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में नैक की टीम के प्रस्तावित दौरे व परिसर निर्माण के चलते व्यस्तता का हवाला देते हुए इस्तीफे की पेशकश की है।उन्हें मार्च,2022 में एच.पी.यू. का कार्यकारी कुलपति नियुक्त किया गया था,इसके बाद संभावना जताई जा रही थी कि विश्वविद्यालय को जल्द स्थायी कुलपति मिलेगा,लेकिन पूर्व में भाजपा सरकार ने इस पद पर स्थायी नियुक्ति नहीं की और सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस सरकार भी अब तक कुलपति पद पर नई नियुक्ति नहीं कर पाई।इस बीच प्रो.बंसल एक वर्ष से अधिक समय से केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के कुलपति पद के कार्यभार के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति पद का अतिरिक्त कार्यभार देखते रहे।
