Shimla नगर निगम के चुनाव में भाजपा का प्रदेश नेतृत्व पूरी तरह से फेल हुआ है।नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा लगातार 3 चुनाव हार चुकी है।भाजपा ने नगर निगम के चुनाव को मोदी बनाम सुखविंदर बना दिया था तथा इसके परिणाम सबके सामने हैं।यह बात उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शुक्रवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में कही।इस मौके पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर व विधायक हरीष जनारथा भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि चुनावों में भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए थे तथा उनके नेता कह रहे थे कि स्मार्ट सिटी के लिए मोदी ने पैसे दिए हैं जबकि इसकी शुरूआत पूर्व सीएम स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के समय में हो गई थी।इसी तरह यातायात की समस्या को हल करने के लिए प्रदेश सरकार ने पर्वतमाला परियोजना के तहत एक प्रोजैक्ट केंद्र को भेजा है लेकिन विपक्ष इसे भी अपना बता रहा है लेकिन शिमला की जनता यह सब जानती है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता अफवाह फैला रहे थे कि नगर निगम चुनाव के बाद प्रदेश में सरकार बदल जाएगी।उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि वह सरकार गिराने का पूरा प्रयास कर सकते हैं लेकिन प्रदेश सरकार मजबूत है और पांच 5 का कार्यकाल पूरा करेगी।
