Budget Session:हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार दोपहर 2 बजे से शुरू हुई। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जैसे ही प्रश्नकाल को आरंभ करना चाहा तो विपक्ष के सदस्य डा.जनक राज ने अपने एक प्रश्न को कार्यवाही से विलोप करने पर आपत्ति जताई।नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस पर कहा कि प्रश्न को इस तरह से विलोप करना सही नहीं है।उन्होंने कहा कि यह कोई ऐसा प्रश्न नहीं था,जिसकी सूचना देने से सरकार को कोई परेशानी हो सकती थी।इसमें विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में खाली पदों से संबंधित सूचना मांगी थी।विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने इस पर कहा कि विधायक डा.जनक राज इस विषय पर बजट में होने वाली चर्चा के दौरान बोल सकते हैं तथा नियमों के अंतर्गत भी शॉर्ट नोटिस दे सकते हैं।इस व्यवस्था के बाद विधानसभा में प्रश्नकाल आरंभ हुआ।

पहली बार चुनकर आए विधायक सीधे ही पूछने लगे अनुपूरक सवाल
विधानसभा में एक मौका ऐसा भी आया जब पहली बार चुनकर आए कुछ विधायक प्रश्न संख्या पढऩे की बजाय सीधे ही अनुपूरक सवाल पूछने लगे।इस पर अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को उन्हें बीच में टोकना पड़ा।हालांकि विधायक चैतन्य शर्मा ने गलती का अहसास होने पर खेद भी जताया।उन्होंने कहा कि वह पहली बार विधायक बने हैं,ऐसे में उनको प्रोसीजर मालूम नहीं था।
