
शिमला:हिमाचल प्रदेश में राफेल लड़ाकू विमान और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी पर सियासी घमासान तेज हो गया है।भारतीय जनता पार्टी ने मंत्री के बयान को भारतीय सेना के शौर्य और सैन्य अभियान की उपलब्धियों पर सवाल उठाने वाला बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।भाजपा के प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने मंत्री जगत सिंह नेगी के खिलाफ शिमला के पुलिस अधीक्षक को औपचारिक शिकायत सौंपी है।भाजपा ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और संज्ञेय अपराध पाए जाने की स्थिति में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

जयराम ठाकुर ने मांगा मंत्री का इस्तीफा:नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंत्री की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सवाल किया कि क्या वह अपने मंत्री के बयान का समर्थन करते हैं।भाजपा ने मंत्री से सार्वजनिक माफी मांगने और उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाई है।

विधानसभा में भी हुआ हंगामा:इस मामले को लेकर विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भाजपा विधायकों ने विरोध प्रदर्शन किया और सदन से वाकआउट किया।विपक्ष की मांग है कि मंत्री अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।भाजपा ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और भारतीय सेना के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।फिलहाल राफेल और ऑपरेशन सिंदूर पर मंत्री की टिप्पणी को लेकर हिमाचल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
