बोले हिमाचल प्रदेश में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को किया जा रहा है सुदृढ़।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला के डॉ.राजेन्द्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय,टांडा में 23.53 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई मशीन जनता को समर्पित की।उन्होंने कहा कि इस मशीन के लगने से टांडा चिकित्सा महाविद्यालय उन्नत नैदानिक उपचार,चिकित्सा शिक्षा और रोगी देखभाल के क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्र के रूप में स्थापित होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संस्थान में स्थापित यह दूसरी एमआरआई मशीन है।इससे पहले यहां 1.5-टेस्ला एमआरआई मशीन के माध्यम से मरीजों को महत्वपूर्ण नैदानिक सेवाएं प्रदान की जा रही थीं।अब नई 3-टेस्ला एमआरआई मशीन स्थापित होने से संस्थान की जांच क्षमता में वृद्धि होगी तथा मरीजों को अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीक की सुविधा मिलेगी।उन्होंने कहा कि यह मशीन अधिक स्पष्ट और उच्च गुणवत्ता वाली इमेजिज उपलब्ध करवाएगी,जिससे शरीर की आंतरिक संरचनाओं का सूक्ष्मता से अध्ययन कर जटिल बीमारियों का सटीक निदान संभव हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक एमआरआई मशीन टांडा चिकित्सा महाविद्यालय की नैदानिक क्षमताओं को मजबूत करने तथा इसे प्रदेश के अग्रणी चिकित्सा एवं सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।श्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने तथा लोगों को प्रदेश में ही आधुनिक,किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।सरकार चिकित्सा संस्थानों को अत्याधुनिक जांच एवं उपचार सुविधाओं से लैस करने के लिए निरंतर प्रयासरत है ताकि मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।मुख्यमंत्री ने चिकित्सा महाविद्यालय के संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों से भी संवाद किया।उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है।प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं सहित अनेक पहल शुरू कर इस क्षेत्र का कायाकल्प किया जा रहा है।उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय में अत्याधुनिक सर्जरी करने के लिए नए रोबोटिक आर्म्स उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।साथ ही,उन्होंने एमआरआई,सीटी स्कैन,अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं बिना किसी प्रतीक्षा अवधि के उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतीक्षा अवधि को शून्य करने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है।मुख्यमंत्री ने चिकित्सा महाविद्यालय में 256 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया।उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया है तथा शेष श्रेणियों के कर्मचारियों को भी शीघ्र पदोन्नति देने के प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से इस वर्ष एक साथ 320 पीजी सीटों की वृद्धि की गई है।इसके परिणामस्वरूप प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में पीजी सीटों की संख्या 277 से बढ़कर 597 हो गई है।मुख्यमंत्री ने चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना करते हुए संस्थान में 28 किडनी प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किए जाने की उपलब्धि की भी प्रशंसा की।इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर,आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा,राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा,हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस.बाली,पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, एपीएमसी कांगड़ा के अध्यक्ष निशु मोंगरा,स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार,निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ.गोपाल बेरी,टांडा चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ.मिलाप और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
