
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।हर्ष महाजन ने कहा कि एक जिम्मेदार मंत्री की ओर से भारतीय वायुसेना की क्षमता,देश की रक्षा तैयारियों और सैन्य अभियान पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता और क्षमता का परिचय दिया है।ऐसे संवेदनशील विषयों पर बयान देते समय तथ्यों और राष्ट्रीय सुरक्षा की गंभीरता को ध्यान में रखना चाहिए।महाजन ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भी इस मामले में सरकार का रुख स्पष्ट करने की मांग की।उन्होंने जगत सिंह नेगी से अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने और सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करने की मांग की है।
