
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार चाहे प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों को भी जिला बना दे,तब भी वह आगामी विधानसभा चुनावों में सत्ता में नहीं लौट पाएगी।देर रात नूरपुर पहुंचे जयराम ठाकुर ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता संभालते ही भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए संस्थानों को बदले की भावना से बंद करना शुरू कर दिया था।उन्होंने कहा कि संस्थानों को बंद करने से पहले उनकी उपयोगिता की समीक्षा तक नहीं की गई।नए जिलों के गठन के सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार चुनावों के दौरान दी गई गारंटियां पूरी नहीं कर पाई है और अब नए वायदों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।जयराम ठाकुर ने दावा किया कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में कांग्रेस को जनता ने नकार दिया है और आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा भारी बहुमत से सत्ता में लौटेगी।इस अवसर पर सांसद राजीव भारद्वाज,विधायक रणवीर सिंह सहित भाजपा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
